logo

प्रगति मैदान दिल्ली के अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला में झारखंड बना फोकस स्टेट, जानिये क्या है खास

DELHI2.jpg

नई दिल्ली
दिल्ली के प्रगति मैदान में भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला का आयोजन किया जा रहा है। इस बार मेले में बनाया गया झारखंड पवेलियन फोकस में है। यह लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा  है। झारखंड पवेलियन में झारखंड की पारंपरिक और सभ्यता से जुड़ी वस्तुओं की प्रदर्शनी सह बिक्री की जा रही है। यहां हर दिन लोगों को भीड़ बढती जा रही है। गौरतलब है कि झारखंड राज्य देश में लाह का प्रमुख उत्पादक राज्य है। ऐसे में पवेलियन में लाह की बनी वस्तुओं की भी बिक्री की जा रही है। ऐसे ही एक स्टॉल पर लाइट और साउंड लगी चूड़ी और कड़ा लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। 

चार्जेबल ब्लू टूथ से कनेक्ट होने वाली चूड़ियां
मेले में हिस्सा ले रहे लाह हस्तशिल्प स्वावलंबी सहकारी समिति के झाबरमल ने बताया कि लाह के उत्पादों को बनाने और उसकी बिक्री का काम उनके पूर्वजों द्वारा भी किया जा रहा था। जैसे-जैसे ट्रेंड बदलता है वो अपने उत्पादों में भी बदलाव करते रहते हैं। इस वर्ष मेले में वो लाइट लगी चार्जेबल ब्लू टूथ से कनेक्ट होने वाली चूड़ियां लेकर आए हैं। इसकी कीमत 1000 रुपए है। इसकी मांग मेले में बहुत हो रही है। इसके साथ-साथ इनके पास लाह से बनी अन्य चूड़ियां, डेकोरेटिव सामान आदि भी उपलब्ध हैं।

झारखंड की ओर से लगाये गये हैं 34 स्टॉल 
भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में उद्योग निदेशालय झारखंड सरकार द्वारा बनाए गए हिस्से में क्षेत्रीय उत्पादों के 20 स्टॉल लगाए गए हैं। इसमें लोग झारखंड में बनी वस्तुओं की प्रदर्शनी देख रहे हैं। साथ ही इनको खरीदने में भी लोग दिलचस्पी दिखा रहे हैं। वहीं, झारखंड सरकार के लगभग 14 विभागों के स्टॉल लगाए गए हैं। जिसमें लोग विभाग के बारे में और योजनाओं की जानकारी ले रहे हैं। पहले के आयोजन में विभागों के स्टाल नहीं लगाये जाते थे। इसकी शुरुआत इस साल से हो रही है।